Jasprit Bumrah : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि के बेहद करीब पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी 2026 में होने वाली घरेलू सीरीज में बुमराह के पास 500 विकेट का जादुई आंकड़ा छूने का सुनहरा मौका होगा।
जनवरी में भारत दौरे पर आएगी न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड की टीम जनवरी 2026 में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज और पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी तक होगी, जबकि टी20 इंटरनेशनल सीरीज 21 जनवरी से 31 जनवरी के बीच खेली जाएगी। बुमराह के टी20 सीरीज में खेलने की पूरी संभावना है और इसी दौरान वह एक बड़ा महारिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
बुमराह के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 486 विकेट
32 वर्षीय जसप्रीत बुमराह फिलहाल इंटरनेशनल क्रिकेट में 486 विकेट ले चुके हैं और 500 विकेट के आंकड़े तक पहुंचने से सिर्फ 14 विकेट दूर हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में यह कारनामा कर लेते हैं, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले चुनिंदा भारतीय गेंदबाज़ों के एलीट क्लब में शामिल हो जाएंगे। अब तक बुमराह ने भारत के लिए 83 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 101 विकेट लिए हैं। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 52 मैचों में 234 विकेट चटकाए हैं, जबकि 89 वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 149 विकेट दर्ज हैं। तीनों फॉर्मेट में उनकी निरंतरता और घातक गेंदबाज़ी ने उन्हें मौजूदा दौर का सबसे भरोसेमंद भारतीय तेज़ गेंदबाज़ बना दिया है।
वैभव सूर्यवंशी के नाम एक और इतिहास…बने लिस्ट-A क्रिकेट के सबसे युवा शतकवीर
सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ कपिल देव, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ ही ऐसे तेज़ गेंदबाज़ हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। बुमराह के पास इस खास सूची में अपना नाम जोड़ने का बड़ा अवसर है। अगर बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो भारतीय क्रिकेट को जल्द ही एक और ऐतिहासिक पल देखने को मिल सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज…
- अनिल कुंबले – 953 विकेट
- रविचंद्रन अश्विन – 765 विकेट
- हरभजन सिंह – 707 विकेट
- कपिल देव – 687 विकेट
- रवींद्र जडेजा – 634 विकेट
- जहीर खान – 597 विकेट
- जवागल श्रीनाथ – 551 विकेट
- जसप्रीत बुमराह – 486 विकेट
- मोहम्मद शमी – 462 विकेट
- ईशांत शर्मा – 434 विकेट