Bihar News : नए साल 2026 की शुरुआत बिहार के लोगों के लिए कई बड़े आर्थिक बदलावों के साथ हो रही है. जहां एक तरफ जमीन, बिजली और कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर CNG और घरेलू PNG के दाम घटने से आम लोगों को राहत मिलेगी. इसके साथ ही राज्य की करीब डेढ़ करोड़ महिलाओं को रोजगार बढ़ाने के लिए 2-2 लाख रुपए देने की योजना भी लागू होने जा रही है.
जमीन की कीमत 4 गुना तक बढ़ने की संभावना
बिहार में जमीन खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो सकता है. सरकार लंबे समय बाद सर्किल रेट में बड़ी बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है. इससे जमीन की कीमत 4 गुना तक बढ़ सकती है. उदाहरण के तौर पर, जिस जमीन की कीमत अभी 10 लाख रुपए है, वह नए सर्किल रेट लागू होने के बाद 40 लाख रुपए तक पहुंच सकती है. राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में 12 साल और शहरी इलाकों में 9 साल बाद सर्किल रेट बढ़ाने जा रही है. बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अनुसार, अगर जनवरी में सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया तो फरवरी 2026 के आखिरी सप्ताह तक इसे जरूर लागू कर दिया जाएगा. सरकार ने सभी जिलों के निबंधन कार्यालयों से रिपोर्ट मांगी है कि मौजूदा सर्किल रेट क्या है और बाजार में जमीन किस कीमत पर बिक रही है. सरकार का मानना है कि सर्किल रेट और बाजार मूल्य के बीच बड़ा अंतर हो गया है, जिसे अब खत्म करना जरूरी है.
बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें
गौरतलब है कि 2013 से पहले सर्किल रेट जिला स्तर पर तय होता था . ग्रामीण इलाकों में हर 2 साल और शहरी इलाकों में हर साल बढ़ोतरी होती थी. 2014 में नियम बदला गया और सरकार की मंजूरी जरूरी कर दी गई. आखिरी बार 2016 में 10 से 15 फीसदी सर्किल रेट बढ़ा था. अब सरकार ऐसा फॉर्मूला खोज रही है, जिससे सर्किल रेट भी बढ़े और जनता में नकारात्मक संदेश न जाए.
कारें 2 से 3 फीसदी तक महंगी
नए साल में गाड़ी खरीदने का प्लान बना रहे लोगों को झटका लग सकता है. मारुति, टाटा, MG और हुंडई जैसी प्रमुख ऑटो कंपनियां 1 जनवरी से कारों की कीमत बढ़ा सकती हैं. MG मोटर ने कीमतों में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है. इससे MG हेक्टर जैसी कारें करीब 38 हजार रुपए तक महंगी हो जाएंगी. वहीं, लग्जरी सेगमेंट में मर्सिडीज और BMW ने भी 2 से 3 फीसदी कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है. कंपनियों का कहना है कि इनपुट कॉस्ट बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है.
CNG और घरेलू PNG के दाम होंगे सस्ते
आम लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि CNG और घरेलू PNG के दाम घटने जा रहे हैं. पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने 1 जनवरी 2026 से गैस ट्रांसपोर्टेशन चार्ज कम कर दिया है. इसके बाद बिहार में CNG और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में ₹2 से ₹3 प्रति यूनिट तक की कटौती हो सकती है.
महिलाओं के खाते में आएंगे 2-2 लाख रुपए
नीतीश सरकार ने चुनाव से पहले शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब अगला बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है. राज्य की लगभग डेढ़ करोड़ जीविका दीदियों को अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए 2-2 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी. इससे पहले सभी जीविका दीदियों के खाते में 10-10 हजार रुपए भेजे जा चुके हैं. अब 2026 से 2 लाख रुपए एक साथ नहीं दिए जाएंगे.जरूरत और बिजनेस प्लान के अनुसार किस्तों में राशि दी जाएगी. आवेदन के बाद जीविका मित्र और विभागीय अधिकारी फिजिकल सर्वे करेंगे फिर देखा जाएगा कि 10 हजार रुपए से कौन-सा व्यवसाय शुरू किया गया. इसके आधार पर बिजनेस प्लान तैयार होगा और बिजनेस की प्रगति के अनुसार सरकार किस्तों में 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता देगी. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह राशि किस ब्याज दर पर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें : फ्रीबीज के बाद परिवारवाद पर यूटर्न लेंगे सीएम नीतीश कुमार ? पटना में लगे पोस्टरों के क्या है राजनीतिक मायने
बिजली 35 पैसे प्रति यूनिट तक हो सकती है महंगी
नए साल में बिजली भी महंगी होने की संभावना है. बिजली कंपनियों ने 35 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी का प्रस्ताव सरकार को भेजा है. इस प्रस्ताव पर बिहार विद्युत विनियामक आयोग 6 जनवरी 2026 से जनसुनवाई करेगा. इस दौरान आम लोग भी अपनी राय रख सकते हैं. प्रस्ताव में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दर 7.42 से बढ़ाकर 7.77 रुपए प्रति यूनिट,100 यूनिट से ज्यादा खपत पर 1.18 रुपए प्रति यूनिट की छूट,किसानों के लिए सिंचाई बिजली 6.74 से बढ़ाकर 7.09 रुपए प्रति यूनिट और छोटे उद्योगों के लिए दर 7.79 से बढ़ाकर 8.14 रुपए प्रति यूनिट पस्तावित है. फिलहाल सब्सिडी के बाद ग्रामीण इलाकों में बिजली 2.45 रुपए प्रति यूनिट और शहरी इलाकों में 5.52 रुपए प्रति यूनिट है. बिजली कंपनियों ने अन्य औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी दरें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है.