Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से सबसे बड़ी आई आज पटना से जहां सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले आज पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया. वहीं पटना के ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत हो गई है. पढ़िए आज की बड़ी खबरें(Bihar news Today)…
-
रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत
पटना के ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से उनका शव बरामद किया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव की आंख के पास चोट के निशान मिले हैं. वहीं, जांच के दौरान शरीर में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की बात भी सामने आई है. घटना के बाद नेपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के बाहर हुए हमले और फायरिंग मामले में खान सर उर्फ फैजल खान की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में प्रिंस यादव भी नामजद आरोपी थे. एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रिंस अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहे थे. देर रात उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद रौशन आनंद के परिवार के सदस्य नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं. प्रिंस यादव पर वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप लगाया गया था.
-
पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, 6 गिरफ्तार
बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया. परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने ट्रेन व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर नाराजगी जताई. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया. स्टेशन परिसर की दुकानों और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद स्टेशन पर कांच के टुकड़े बिखर गए. मामले को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों के अनुसार हंगामे में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात हंगामे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा. प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और परीक्षार्थियों का सहयोग करने की अपील की गई. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने बार-बार ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींची और स्पेशल ट्रेन चलाने जैसी मांगें रखीं, जबकि पहले से ही परीक्षा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी.
-
खान ग्लोबल स्टडीज पर पुलिस का नोटिस, जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप
पटना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग के बाहर नोटिस चिपकाया है. कदमकुआं थाना पुलिस रविवार को दल-बल के साथ कोचिंग पहुंची और तीन स्टाफ सदस्यों के खिलाफ नोटिस जारी किया. पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अंकित कुमार पांडेय, अजीत कुमार और कन्हैया कुमार सिंह के खिलाफ की गई है. आरोप है कि तीनों जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. पुलिस ने 2 जून को कोचिंग के बाहर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना के मामले में पूछताछ के लिए तीनों को बुलाया था. अधिकारियों के अनुसार मौखिक सूचना, लिखित नोटिस और व्हाट्सऐप के माध्यम से भी सहयोग करने को कहा गया, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यदि जांच में सहयोग नहीं किया गया तो कोर्ट में सबूत छिपाने और जांच प्रभावित करने से जुड़ी रिपोर्ट पेश की जा सकती है. इधर, खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
-
बिहार को पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर लाने की तैयारी: मुख्यमंत्री
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जाएगा. पटना में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राजगीर, गया और नालंदा की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. सरकार राजगीर को वैश्विक आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र और नालंदा को ज्ञान एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है. बैठक में मां मुंडेश्वरी मंदिर, कर्कटगढ़ जलप्रपात और वाल्मीकि नगर के लिए हेलीकॉप्टर तथा हवाई सेवा जैसी सुविधाओं पर भी चर्चा हुई.
-
बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा का पहला चरण संपन्न
बिहार में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा का पहला चरण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ. केंद्रीय सिपाही चयन परिषद के अनुसार इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 4200 से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी. परीक्षा का दूसरा चरण 17 जून को आयोजित होगा.
-
ऊर्जा क्षेत्र में 1278 करोड़ रुपये की योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित विद्युत भवन में ऊर्जा विभाग की 1278 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ढाई लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की शुरुआत की गई. मुख्यमंत्री ने खरीफ महाभियान 2026 के तहत किसान जागरूकता वाहनों को भी रवाना किया, जो किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे.
-
बिहार के महाधिवक्ता पीके शाही ने दिया इस्तीफा
बिहार के महाधिवक्ता पीके शाही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफे के बाद राज्य का सर्वोच्च कानूनी पद फिलहाल खाली हो गया है. हालांकि इस्तीफे के कारणों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पीके शाही ने महाधिवक्ता के रूप में पटना उच्च न्यायालय में बिहार सरकार का पक्ष रखा और कानूनी सलाहकार की भूमिका निभाई.
-
बिहार के तीन उत्पादों को मिला GI टैग
बिहार के तीन पारंपरिक उत्पादों को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) मिला है. इनमें नालंदा की 52 बूटी साड़ी और फैब्रिक, गया का पत्थरकट्टी स्टोन क्राफ्ट और भोजपुर की पीढ़िया प्रिंट शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने इसे बिहार की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कारीगरों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया.
-
मौसम अपडेट: बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मानसून बिहार में सक्रिय है. कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है. अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.