बिहार में भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर…इन जिलों में झमाझम बारिश और आंधी का अलर्ट

Bihar Weather : उत्तर बिहार के लोगों के लिए भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल से क्षेत्र के मौसम में बदलाव होने की संभावना है. आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिलेगी. हालांकि, दक्षिण बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है, जहां तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 24 अप्रैल से दक्षिण-पूर्व बिहार के पांच जिलों में भी बारिश के आसार जताए गए हैं. जिन क्षेत्रों में वर्षा होगी, वहां तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिल सकती है.

फिलहाल जारी रहेगा भीषण गर्मी

इधर, राज्य में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान लोगों को उमस और तेज धूप से परेशानी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है. आसमान साफ रहने के कारण सुबह से ही गर्मी का असर महसूस होगा, जबकि दोपहर में तेज धूप लोगों को झुलसाने वाली साबित हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *