चुनावी सरगर्मियों के बीच चुनाव आयोग की टीम करेगी बिहार दौरा, नवंबर में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव

पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब बिहार की राजनीति गरमाने लगी है. होली से पहले चुनाव आयोग (EC) की टीम बिहार का दौरा करने वाली है. यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर होगा और इसमें कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जाएगा.

EC की टीम का बिहार दौरा

सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग (EC) की टीम दो दिनों तक बिहार में रहेगी. इस दौरान वह राज्य के विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक करेगी और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगी. पहले दिन टीम जिलाधिकारियों (DM) के साथ पहली समीक्षा बैठक करेगी. इसके बाद मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) के साथ बैठक होगी. इनकम टैक्स, उत्पाद विभाग सहित अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ भी चर्चा होगी.

कब हो सकते हैं बिहार विधानसभा चुनाव?

चुनाव आयोग(EC) के सूत्रों की मानें तो इस बार मतदान नवंबर 2025 में हो सकता है. इसका कारण यह है कि अक्टूबर में दिवाली और छठ महापर्व होने के चलते आयोग चुनाव की तारीखों को त्योहार के बाद रखना चाहता है. माना जा रहा है कि सितंबर के अंत में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है.

वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने पर हो रही है चर्चा

बुधवार को बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच श्रीनिवास ने पटना में अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने और चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई. चुनाव आयोग बिहार में तीन मुख्य काम करेगा.

  • EVM और VVPAT की जांच – चुनाव में इस्तेमाल होने वाली EVM (Electronic Voting Machine) और VVPAT (Voter Verifiable Paper Audit Trail) की रैंडम जांच की जाएगी.
  • EVM की FLC (First Level Checking) – चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा.
  • फील्ड विजिट – चुनाव आयोग की टीम पटना के अलावा भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा जैसे जिलों का दौरा करेगी और वहां की स्थिति का जायजा लेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *