किसानों को राहत मगर आम लोगों के लिए बदल जाएगा बिजली के नियम…समय के हिसाब से लगेगा अलग-अलग चार्ज

Bihar electricity new rules : देश में बिजली खपत को लेकर जल्द ही बड़े बदलाव लागू हो सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार में बिजली बिल अब समय के हिसाब से तय होगा. नए नियम के अनुसार उपभोक्ताओं को नए टैरिफ का सामना करना पड़ेगा.सुबह 9 से शाम 5 बजे तक 20% तक छूट मिलेगी, जबकि पीक आवर्स में यह महंगा होगा. हालांकि नए नियमों में कृषि कनेक्शन को शामिल नहीं किया गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी. 1 अप्रैल से बिजली बिलिंग का नया सिस्टम लागू किया जा सकता है, जिसमें दिन के अलग-अलग समय के अनुसार बिजली दरें तय होंगी. यह व्यवस्था स्मार्ट मीटर के जरिए लागू की जाएगी.

क्या है नया नियम

बताया जा रहा है कि पूरे दिन को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा. पहला समय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा. इस दौरान बिजली इस्तेमाल करने पर उपभोक्ताओं को लगभग 20% तक की छूट मिल सकती है. यानी इस समय बिजली उपयोग करना सबसे सस्ता रहेगा. दूसरा समय शाम 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक का होगा, जिसे पीक आवर माना जाएगा. इस दौरान बिजली की मांग सबसे अधिक रहती है. ऐसे में इस समय बिजली उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, घरेलू उपभोक्ताओं को करीब 110% तक और कमर्शियल कनेक्शन वालों को 120% तक चार्ज देना पड़ सकता है. तीसरा समय रात 11:00 बजे से सुबह 9:00 बजे तक का होगा. इस दौरान बिजली की दरें सामान्य रहेंगी. यानी इस समय बिजली उपयोग करने पर न तो कोई अतिरिक्त शुल्क देना होगा और न ही कोई छूट मिलेगी.

खपत के अनुसार बिल होगा तैयार

नया सिस्टम पूरी तरह स्मार्ट मीटर पर आधारित होगा, जो अलग-अलग समय पर बिजली की खपत को रिकॉर्ड करेगा और उसी के अनुसार बिल तैयार करेगा. हालांकि, इस बदलाव को लेकर आम लोगों में कुछ चिंता भी देखी जा रही है, खासकर गर्मियों के मौसम को लेकर. लेकिन राहत की बात यह है कि रात के समय पंखा, कूलर और एसी चलाने पर कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा. सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से बिजली की खपत को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा और पीक समय के दबाव को कम किया जा सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *