BJP Politics : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे नितिन नवीन (Nitin Naveen ) ने मंगलवार को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने दावा किया कि बिहार में भाजपा की जीत का असर पूरे देश में दिख रहा है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल से लेकर केरल तक भगवा लहराएगा. नितिन नवीन ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने बिहार पर जो भरोसा जताया है, वह पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है. उन्होंने कहा कि आपने प्रचंड जीत दिलाई है. उसी जीत के प्रकाश में आज पूरा देश आगे बढ़ रहा है. जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां भाजपा का परचम लहरा रहा है.
एक लाख युवा नेतृत्व तैयार करने का लक्ष्य
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश में एक लाख युवा नेतृत्व तैयार किया जाए. इसके लिए पंचायत से लेकर संसद तक पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि अगर नेतृत्वकर्ता बनना है तो जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और जरूरतों के लिए काम करना होगा.उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत वॉच टावर की तरह है, जो जमीन से उठाकर ऊंचाई तक पहुंचाने की क्षमता रखता है. नितिन नवीन ने भरोसा दिलाया कि वह बिहार के विकास और सम्मान के लिए हमेशा खड़े रहेंगे. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत और निकाय चुनावों के लिए अभी से तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया.
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचेंगे नितिन नवीन, बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन
पिता की विरासत और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव
अपने पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा को याद करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें कार्यकर्ताओं से जुड़कर राजनीति करने की सीख पिता से मिली. उन्होंने कहा कि जब एक-एक कार्यकर्ता नेता से जुड़ता है, तभी जीत की कड़ी पूरी होती है. राजनीति में शॉर्टकट से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए.
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला
अपने भाषण में नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दोनों को पार्ट टाइम पॉलिटिशियन करार देते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीति को बिजनेस की तरह देखते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में रहते हुए संविधान और संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं और विदेश जाकर देश का अपमान करते हैं. वहीं, बिहार में तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे न सदन में दिखते हैं और न ही सड़क पर जनता के मुद्दों के लिए उतरते हैं. नितिन नवीन ने कहा कि ऐसे नेताओं को जवाब देने का वक्त आ गया है और जनता आने वाले चुनावों में उन्हें सजा देगी.