नीतीश के विदाई की तारीख तय..! मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरा से राज्यसभा शपथ और इस्तीफे की अटकलें तेज

Nitish kumar : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री Nitish Kumar 9 अप्रैल को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे. मीडिया सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार 2 से 3 दिनों तक दिल्ली में रह सकते हैं. इस दौरान उनकी मुलाकात बीजेपी के केंद्रीय नेताओं से भी होने की संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम हो सकता है.

इस्तीफे की अटकलें तेज

जानकारी यह भी सामने आ रही है कि दिल्ली से लौटने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. यदि ऐसा होता है, तो बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला

बिहार सरकार के गृह विभाग ने एक अधिसूचना जारी कर नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर भी अहम निर्णय लिया है. जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी. वर्तमान में मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें विशेष सुरक्षा मिल रही है. हाल ही में नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था और वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. इसके बाद से ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद भी छोड़ सकते हैं.

कौन होगा अगला मुख्यमंत्री ?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नीतीश कुमार इस्तीफा देते हैं, तो बिहार की कमान किसके हाथ में सौंपी जाएगी. एनडीए की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. राजनीतिक हलकों में संभावित नामों को लेकर चर्चा जारी है. फिलहाल सभी की नजरें 9 और 10 अप्रैल पर टिकी हैं, जब दिल्ली में होने वाली गतिविधियां बिहार की राजनीति की दिशा तय कर सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *