नालंदा में महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, 8 आरोपी गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला

Nalanda Woman Assault Video :बिहार के नालंदा जिले के अजयपुर गांव से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है. यहां तीन युवकों द्वारा एक 20 वर्षीय विवाहित महिला के साथ सड़क पर जबरदस्ती और अभद्र व्यवहार करने की कोशिश की गई. इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 26 मार्च की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है. पीड़िता किराना दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के ही तीन युवकों अशोक यादव, मतलू महतो और रविकांत कुमार ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि तीनों ने महिला को जबरन पकड़कर सड़क पर घसीटा, उसके साथ अभद्रता की और उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की. महिला मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे. शोर सुनकर कुछ लोग जुटे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. घटना के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस के अनुसार यह वीडियो पीड़िता को बदनाम करने और उसे डराने के उद्देश्य से फैलाया गया था.

नूरसराय थाने में लिखित शिकायत दर्ज

घटना के अगले दिन यानी 27 मार्च को पीड़िता ने नूरसराय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो मुख्य आरोपियों अशोक यादव और मतलू महतो को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. तीसरे आरोपी रविकांत कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिनमें धारा 74, 75, 76, 115(2), 126(2) और 3(5) शामिल हैं. मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन भी किया गया है.

ताजा जानकारी के अनुसार मामले में अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. बताते चले कि मामले में पुलिस ने न सिर्फ नामजद आरोपी बल्कि वीडियो के आधार पर पहचान किए गए दूसरे आरोपियों को भी दबोचा है.

मामले में तेजी से की जा रही कार्रवाई

डीएसपी संजय अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *