बिहार में बदला मौसम का मिजाज…कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट,जानें आज का हाल

Bihar weather update : बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेता दिखाई दे रहा है. साल की शुरुआत जहां कड़ाके की ठंड से हुई थी, वहीं फरवरी के अंतिम दिनों में अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया. अब मार्च के शुरुआती दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई जा रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने आज के मौसम को लेकर अहम चेतावनी जारी की है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई. मार्च की शुरुआत में ही तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. राज्य में अधिकतम तापमान 28°C से 34°C के बीच दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान कैमूर में रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान 19°C से 23°C के बीच रहा. वहीं राजधानी पटना की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान लगभग 23°C दर्ज किया गया.

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में चेतावनी दी गई है, वे हैं पश्चिमी चंपारण , पूर्वी चंपारण ,शिवहर,सीतामढ़ी,मधुबनी,सुपौल,अररिया और किशनगंज. इन इलाकों में तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

बारिश को लेकर भी चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार इन आठ जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 12 और 13 मार्च को फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. आने वाले पांच दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 30°C से 34°C के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C के आसपास रहने की संभावना है. अब देखना होगा कि संभावित बारिश से बिहार के लोगों को गर्मी से कितनी राहत मिलती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *