Crime News : मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक ने यह कदम उस समय उठाया, जब उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका की सगाई कहीं और तय हो गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने युवती पर आत्महत्या के लिए उकसाने और ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
दादरी चौकी के पास बाग में मिली लाश
सोमवार सुबह करीब 10 बजे दादरी पुलिस चौकी के पास स्थित एक बाग में पेड़ से लटका युवक का शव मिला. मृतक की पहचान जानी थाना क्षेत्र के किठौली गांव निवासी सुमित सैनी के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि सुमित ने आत्महत्या से ठीक पहले अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल किया था. वह बाग में पेड़ पर बैठा था और गले में रस्सी का फंदा डाले हुए था. वीडियो कॉल के दौरान ही उसने फंदे पर लटककर जान दे दी.
सात साल पुराना रिश्ता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुमित वर्तमान में रेलवे ठेकेदार विकास के पास सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था. करीब सात साल पहले वह शहर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में नौकरी करता था. इसी दौरान उसकी पहचान कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी एक युवती से हुई, जो उस समय अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर थी. साल 2021 में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने कंकरखेड़ा थाने में सुमित के खिलाफ रेप और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में सुमित जेल भी गया था. जेल से बाहर आने के बाद दोनों फिर से संपर्क में आ गए और रिश्ता दोबारा शुरू हो गया. हालांकि इस साल जून से दोनों के बीच फिर तनाव बढ़ गया. इसी बीच सुमित को पता चला कि युवती का रिश्ता कहीं और तय हो गया है. इसके बाद दोनों के बीच विवाद और गहरा गया.
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
रिपोर्ट के अनुसार घटना से एक दिन पहले युवती ने आरोप लगाया था कि सुमित उसे पुरानी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है. इस संबंध में उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर रविवार शाम पुलिस सुमित के घर भी पहुंची थी. उस दौरान सुमित ने पुलिस से कहा था कि वह सोमवार को थाने आकर अपना पक्ष रखेगा. इसके अलावा युवती ने परतापुर थाने में सुमित और उसके भाई के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज कराया था. बताया जा रहा है कि सुमित ने भी पहले प्रेमिका को आत्महत्या करने की धमकी दी थी.
क्राइम की दूसरी बड़ी खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
जेब से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को सुमित की जेब से एक डायरी और पेन मिला, जिसमें उसने सुसाइड नोट लिखा था. नोट में उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है. सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं सुमित सैनी पुत्र कृष्णपाल सैनी अपने होश में यह लिख रहा हूं. मैं जिंदगी से तंग आ गया हूं और खुद को खत्म कर रहा हूं. मेरी मौत का कारण मैं खुद हूं. इसमें न तो मेरे घर वाले, न मेरे रिश्तेदार और न ही किसी अन्य का कोई हाथ है. कृपया मेरी मौत के बाद किसी को परेशान न किया जाए. सुसाइड नोट के नीचे सुमित के हस्ताक्षर हैं और तारीख 29 दिसंबर 2025 लिखी हुई है. पुलिस ने डायरी और पैन को सील कर जांच में शामिल कर लिया है.
परिजनों का आरोप पर पुलिस कर रही जांच
मृतक के परिजनों ने युवती पर ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है. उनका कहना है कि लगातार मानसिक दबाव के चलते सुमित ने यह कदम उठाया. एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दौराला क्षेत्र में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला सामने आया है. परिजनों की ओर से युवती पर लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.