Delhi News : दिल्ली में कहां गायब हो रहे लोगों…! दावे की सच्चाई पर जानें पुलिस ने क्या कहा ?

Missing children case : देश की राजधानी दिल्ली (Delhi News) में लापता लोगों के मामलों की बढ़ती संख्या ने चिंता बढ़ा दी है. दिल्ली पुलिस के जिपनेट (ZIPNET) पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक 15 जनवरी 2026 तक जहां 997 लोगों के लापता होने की शिकायतें दर्ज थीं, वहीं महज 21 दिनों के भीतर यानी 5 फरवरी 2026 तक यह आंकड़ा बढ़कर 2469 हो गया. इसका मतलब है कि 15 जनवरी से 5 फरवरी के बीच कुल 1472 लोग लापता हुए. इन आंकड़ों के अनुसार राजधानी में औसतन प्रतिदिन करीब 70 लोगों के लापता होने की शिकायतें सामने आ रही हैं.

दिल्ली में लापता मामलों की रफ्तार बढ़ी

हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार अब तक दर्ज 2469 मामलों में से 446 लापता लोगों का पता लगाया जा चुका है. पुलिस का दावा है कि पिछले वर्षों की तुलना में जनवरी 2026 में लापता मामलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है. दिल्ली सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड स्टैटिस्टिक्स की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में दिल्ली में कुल 24,381 लोग लापता हुए थे, जिनमें से 14,824 लोगों का पता लगाया गया. इनमें 6,284 नाबालिग और 18,197 वयस्क शामिल थे. नाबालिगों में 1,917 लड़के और 4,367 लड़कियां थीं, जबकि वयस्कों में 8,285 पुरुष और 9,912 महिलाएं लापता हुई थीं.

21 दिनों में 1472 लोग हुए गायब

वहीं साल 2024 में लापता लोगों की संख्या बढ़कर 24,993 पहुंच गई, जिनमें से 15,260 लोगों को खोज लिया गया. इस दौरान 5,846 नाबालिग और 19,047 वयस्क लापता हुए. नाबालिगों में 1,647 लड़के और 4,199 लड़कियां थीं, जबकि वयस्कों में 8,494 पुरुष और 10,553 महिलाएं शामिल रहीं. साल 2025 में जनवरी से 5 फरवरी तक 2,469 लोगों के लापता होने की शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 446 लोगों का पता लगाया जा चुका है. जनवरी के पहले पखवाड़े में ही 997 मामले सामने आए थे. इसके बावजूद दिल्ली पुलिस का दावा है कि जनवरी 2026 में लापता मामलों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कम रही है.

दिल्ली पुलिस का अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस पारदर्शी और निष्पक्ष अपराध रिपोर्टिंग नीति का पालन करती है. लापता व्यक्तियों से जुड़ी हर शिकायत तत्काल दर्ज कर जांच शुरू की जाती है. उन्होंने दिल्लीवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि फिलहाल बच्चों के लापता या अपहरण के पीछे किसी संगठित गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लापता लोगों की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा सभी जिलों में लगातार ऑपरेशन मिलाप चलाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *