RCB vs DC Final Highlights: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया, जिसमें आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया. फाइनल में आरसीबी की जीत की नींव कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की बेहतरीन पारियों ने रखी. स्मृति मंधाना ने 87 रन की दमदार पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वॉल ने 79 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. अंत में राधा यादव ने दो अहम चौके जड़ते हुए आरसीबी को जीत दिलाई.
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी
इससे पहले आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए. दिल्ली की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. वहीं लॉरा वोल्वार्ट ने 25 गेंदों पर नाबाद 44 रन और चिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और दो गेंद शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही आरसीबी ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया.