परीक्षा में अनियमितता को लेकर एक बार फिर स्टूडेंट और प्रशासन आमने सामने…!UPPSC के बाहर छात्र और पुलिस में झड़प

UPPSC News : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी को लेकर मंगलवार को प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी UPPSC कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच झड़प की स्थिति भी बन गई।

क्या है पूरा मामला

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि आयोग की ओर से परीक्षाओं के परिणाम और चयन प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता नहीं बरती जा रही है। छात्रों ने मांग की कि संशोधित उत्तरकुंजी (रिवाइज्ड आंसर की) जारी की जाए, सभी वर्गों के कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किए जाएं और अभ्यर्थियों को उनकी OMR शीट देखने की सुविधा दी जाए, ताकि चयन प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का समाधान हो सके।

क्या है प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग

सुबह से ही अलग-अलग जिलों से आए प्रतियोगी छात्र आयोग के गेट नंबर-2 के पास जमा होने लगे। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर छात्रों ने पारदर्शिता दो, न्याय दोनजैसे नारे लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। PAC और RAF के जवानों के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

पुलिस और छात्रों की झड़प

प्रदर्शन के दौरान जब छात्र आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी बीच दोनों पक्षों में नोकझोंक बढ़ गई और हालात तनावपूर्ण हो गए। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं है। छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन का दावा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और छात्रों की मांगों को संबंधित स्तर पर पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *