Operation Meghdoot : दुनिया के सबसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण युद्धक्षेत्र सियाचिन में भारतीय सेना के ऐतिहासिक ऑपरेशन मेघदूत को 13 अप्रैल 2025 को 41 साल पूरे हो गए। यह ऑपरेशन न केवल भारतीय सैन्य इतिहास में एक निर्णायक मोड़ था, बल्कि यह अब तक का सबसे लंबा चलने वाला सैन्य अभियान भी बन चुका है।
Operation Meghdoot : क्या है ऑपरेशन मेघदूत?
13 अप्रैल 1984 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान की गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद ऑपरेशन मेघदूत की शुरुआत की थी। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सैनिकों को भारतीय वायुसेना की मदद से सियाचिन ग्लेशियर की ऊंची चोटियों पर हवाई मार्ग से पहुँचाया गया और रणनीतिक रूप से अहम दर्रों और पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया गया। भले ही ऑपरेशन की शुरुआत 1984 में हुई, लेकिन इसकी नींव 1978 में ही रख दी गई थी, जब भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर, विशेष रूप से चेतक सियाचिन ग्लेशियर में उतरे थे। पाकिस्तान द्वारा विदेशी पर्वतारोहियों को इलाके में प्रवेश की अनुमति देने और अपनी सैन्य मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिशों के बीच भारत ने पहले पहुंच बनाकर बढ़त हासिल कर ली।
सियाचिन: जहां सांस लेना भी जंग से कम नहीं
सियाचिन ग्लेशियर 14,000 से 22,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और यहां का तापमान दिन में भी -40 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। बर्फ की मोटी परतों के नीचे छिपी दरारें, ऑक्सीजन की कमी और दुर्गम भूगोल इसे दुनिया का सबसे खतरनाक युद्धक्षेत्र बनाते हैं। यहां तक कि एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाना भी जानलेवा हो सकता है। पिछले 41 वर्षों में यहां 1,158 से अधिक भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हो चुके हैं—जिनमें अधिकतर की शहादत लड़ाई से नहीं, बल्कि प्रकृति की बेरहमी से हुई।
वीरता की मिसाल: हर सिपाही 90 दिन तक ग्लेशियर पर तैनात
भारतीय सेना के जवान एक बार जब सियाचिन पर तैनात होते हैं, तो उन्हें 90 दिन तक ग्लेशियर पर रहना पड़ता है। इस दौरान वे अपने परिवारों से दूर, कठोर मौसम और दुश्मन की निगरानी के बीच सीमा की सुरक्षा करते हैं। यह ड्यूटी न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक रूप से भी अत्यधिक चुनौतीपूर्ण होती है। सैनिकों के साहस और समर्पण को नमन करने के लिए हर साल 13 अप्रैल को सियाचिन दिवस मनाया जाता है।
Operation Meghdoot में भारतीय वायुसेना की निर्णायक भूमिका
भारतीय वायुसेना ने इस ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। शुरुआती दौर में एएन-12, एएन-32 और आईएल-76 जैसे भारी एयरलिफ्टर्स ने सैनिकों और सामग्री को सियाचिन के बेस तक पहुँचाया। इसके बाद एमआई-17, एमआई-8, चेतक और चीता हेलिकॉप्टरों ने ऊंचे और संकरे इलाकों में जवानों को पहुँचाने का जिम्मा संभाला। 1984 में हंटर विमानों ने लेह जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले एयरबेस से ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही वर्षों में 700 से अधिक मिशन पूरे किए। इससे सैनिकों का मनोबल बढ़ा और पाकिस्तान को भी स्पष्ट संदेश मिला कि भारत अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए हर हाल में तैयार है।
तकनीक और सुविधाओं में बड़ा बदलाव
पिछले कुछ वर्षों में सियाचिन में आधारभूत सुविधाओं में भारी सुधार हुआ है। सैनिकों को अब विशेष कपड़े, पर्वतीय उपकरण और उन्नत पोषणयुक्त राशन मिलता है। ऑल-टेरेन व्हीकल (ATV) और ब्रिजिंग सिस्टम से मूवमेंट आसान हुआ है, जबकि ड्रोन्स और हेलिकॉप्टरों से रसद पहुँचाना अब पहले से कहीं बेहतर हो गया है। संचार व्यवस्था में भी बड़ा सुधार हुआ है। VSAT तकनीक से अब इंटरनेट और डेटा कनेक्टिविटी संभव हो पाई है। ISRO की मदद से टेलीमेडिसिन सेवा शुरू हुई है, जिससे घायल या बीमार सैनिकों को रियल-टाइम विशेषज्ञ सलाह मिल रही है। मौसम की जानकारी अब वेदर ट्रैकिंग डिवाइस के जरिए पहले से मिलती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हुई है। मोबाइल नेटवर्क में सुधार से जवान अपने परिवारों से जुड़ाव बनाए रख पा रहे हैं।
आज भी ऑपरेशन मेघदूत सक्रिय
वर्तमान में भारतीय वायुसेना के राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, चिनूक, अपाचे, एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH MK III/IV), LCH प्रचंड, मिग-29, मिराज-2000, सी-17, सी-130जे, आईएल-76 और एएन-32 जैसे अत्याधुनिक विमान ऑपरेशन मेघदूत का समर्थन कर रहे हैं। सियाचिन केवल एक युद्धक्षेत्र नहीं, बल्कि देशभक्ति, साहस और बलिदान का प्रतीक है। ऑपरेशन मेघदूत के 41 साल पूरे होने पर पूरा देश उन सैनिकों को सलाम करता है जो इस बर्फीली जंग में हर रोज़ मौत से लड़ते हुए भारत की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।