Healthy diet सेलिब्रिटी डाइटिशियन सिमरत काथूरिया के मुताबिक, नवरात्रि सिर्फ उपवास का समय नहीं है, बल्कि यह शरीर और मन को पोषण देने की एक अच्छी प्रक्रिया है।
नवरात्रि व्रत का महत्व
नवरात्रि सिर्फ व्रत रखने का समय नहीं है, बल्कि ये बॉडी और माइंड को हेल्दी और पॉजिटिव बनाने का एक अच्छा तरीका भी है। शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर 2025 से शुरू हो चुकी है। इन 9 दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा होती है और कई लोग व्रत रखते हैं। ऐसे में सेहतमंद रहने के लिए सही खानपान पर ध्यान देना बहुत ज़रूरी है।
किन चीज़ों से करें परहेज
डाइटिशियन सिमरत काथूरिया बताती हैं कि व्रत में गेहूं और चावल, प्याज और लहसुन, पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड से बचना चाहिए। ये चीज़ें व्रत के दौरान शरीर पर भारी पड़ सकती हैं।
व्रत में क्या खाएं
इनकी जगह आप साबूदाना, सिंघाड़े का आटा, कुट्टू का आटा, मौसमी फल और मेवे जैसे केला, सेब, खजूर, बादाम और अखरोट ले सकते हैं। सब्जियों में कद्दू, आलू, लौकी, शकरकंद और खीरा अच्छे विकल्प हैं। डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दूध, दही और छाछ भी व्रत के दौरान एनर्जी और पोषण देते हैं।
9 दिन का आसान मील प्लान
व्रत के दिनों में आप अलग-अलग हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन ट्राई कर सकते हैं। जैसे साबूदाना खिचड़ी के साथ फ्रूट बाउल, सामक चावल उपमा और दही, सिंघाड़े की पूरी और आलू-टमाटर की सब्जी, कुट्टू की पूरी और कद्दू की सब्जी, या लौकी का चीला और छाछ। ये डिशेज़ हल्की भी हैं और एनर्जी भी देती हैं।
हेल्दी रहने के टिप्स
व्रत में हेल्दी बने रहने के लिए दिनभर पर्याप्त पानी, नारियल पानी और छाछ पीते रहें। हर मील में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और हेल्दी फैट का बैलेंस रखें। ज़्यादा तेल और भारी मसालों से बचें और ताज़ा, घर का बना खाना ही खाएं। इससे व्रत के नौ दिन कमजोरी नहीं बल्कि हेल्थ और पॉजिटिविटी से भरपूर बन जाएंगे।