why ac blast : गर्मी का मौसम आते ही एयर कंडीशनर (AC) की शिकायतें तेजी से बढ़ने लगती हैं। कहीं एसी ठंडा नहीं कर रहा, कहीं बहुत धीमा कूलिंग दे रहा है, तो कहीं अचानक गर्म हवा आने लगती है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को अक्सर तकनीशियनों की ओर से एक ही जवाब सुनने को मिलता है, गैस खत्म हो गई है। लेकिन क्या सच में हर बार यही कारण होता है? अगर हां तो विशेषज्ञों के अनुसार एसी में बार-बार गैस खत्म होना सामान्य बात नहीं है। यह अक्सर किसी तकनीकी खराबी, खासकर गैस लीकेज का संकेत होता है। ऐसे में केवल गैस भरवाना स्थायी समाधान नहीं, बल्कि समस्या को बढ़ा सकता है।
एसी काम कैसे करता है?
एसी बाहर से ठंडी हवा नहीं लाता, बल्कि कमरे की हवा को ही ठंडा करके वापस अंदर भेजता है। इस प्रक्रिया में चार मुख्य चरण होते हैं, इवैपोरेशन (वाष्पीकरण), कंप्रेशन (दबाव बढ़ाना), कंडेंसेशन (संघनन) और एक्सपेंशन (दबाव कम करना)।इन्हीं प्रक्रियाओं के जरिए एसी हवा से गर्मी निकालकर कमरे को ठंडा करता है।
गैस खत्म होने की असली वजह
तकनीकी जानकारों का कहना है कि एसी की गैस खुद-ब-खुद खत्म नहीं होती। अगर गैस बार-बार कम हो रही है, तो इसके पीछे ये कारण हो सकते हैं:
- कॉपर कॉइल में लीकेज
- जंग (corrosion) लगना
- इंस्टॉलेशन में खराबी
- पाइपिंग या जॉइंट ढीले होना
इसलिए गैस भरवाने से पहले लीकेज टेस्ट कराना बेहद जरूरी है।
मेंटेनेंस से होगी बचत
ऊर्जा विशेषज्ञों के मुताबिक हर 1°C तापमान बढ़ाने से लगभग 6% बिजली की बचत हो सकती है। इसके साथ साथ साफ फिल्टर रखने से हर महीने ₹200–₹700 तक की बचत संभव है। इसके अलावा इन बातों का भी खास ध्यान रखना चाहिए.
- एसी को बार-बार ऑन-ऑफ न करें
- आउटडोर यूनिट के आसपास कचरा न रखें
- यूनिट को सीधी धूप से बचाएं
- समय-समय पर सर्विसिंग कराएं
- कॉपर कॉइल पर एंटी-कोरोजन कोटिंग करवाएं