खेल और रोजगार के बीच संतुलन का रास्ता…खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देना है सही समाधान ?

Opinion : भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्रीय खेल अधिकारी (RSO) के पद पर नियुक्त किए जाने की तैयारी है. यह सम्मान उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया जा रहा है. हालांकि भारत में खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सरकारी नौकरियां देने की परंपरा नई नहीं है. कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने खेल के मैदान के साथ-साथ प्रशासनिक और शासकीय जिम्मेदारियां भी सफलतापूर्वक निभाई हैं. जानकार कहते हैं कि देश में खिलाड़ियों को सरकारी पद देने का उद्देश्य उनके खेल योगदान का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित करियर प्रदान करना है. इससे युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलती है कि वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और देश का नाम रोशन करें. लेकिन सरकारी नौकरी देने के पीछे सिर्फ खेल योगदान का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित करियर प्रदान करने तक सीमित नहीं है.

दरअसल बीते कूछ समय से भारत में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा, बल्कि अब यह एक सम्मानजनक करियर के रूप में स्थापित हो चुका है. समय के साथ खेलों के प्रति समाज की सोच में भी बड़ा बदलाव आया है. पहले जहां खेल को पढ़ाई के मुकाबले कम महत्व दिया जाता था, वहीं आज खेलों में करियर बनाना गर्व की बात मानी जाती है. इसमें मीडिया विशेष रूप से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने खिलाड़ियों को पहचान दिलाने और खेलों को लोकप्रिय बनाने में मदद की है. आज लाखों युवा क्रिकेट, कबड्डी, हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में अपना भविष्य देखते हैं और शानदार करियर बनाते हैं. खिलाड़ियों को सफलता हासिल मिलती है, उन्हें पहचान, सम्मान और दुसरे प्रकार की सुविधाएं प्राप्त होती हैं. लेकिन इस चमक के पीछे एक सच्चाई यह भी है कि बड़ी संख्या में कई खिलाड़ी अवसरों की कमी के कारण अपने सपनों से दूर रह जाते हैं. जिसमें कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का नाम है.

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार और कई संस्थाएं उन्हें नौकरी देने की व्यवस्था भी करती हैं. यह कदम निश्चित रूप से सराहनीय है, क्योंकि इससे खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा मिलती है और वे अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं. कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो अपने खेल के साथ-साथ प्रशासनिक या अन्य सरकारी कार्यों में भी योगदान दे रहे हैं. लेकिन इस व्यवस्था का एक दूसरा पक्ष भी है, जिस पर विचार करना जरूरी है. भारत में पहले से ही बेरोजगारी एक गंभीर समस्या है और लाखों युवा सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में यदि पहले से सफल और स्थापित खिलाड़ियों को सीधे सरकारी पद दिए जाते हैं, तो यह अन्य योग्य उम्मीदवारों के लिए अवसरों को सीमित कर सकता है.

इस संदर्भ में एक संतुलित नीति की आवश्यकता महसूस होती है. खिलाड़ियों को प्रोत्साहन जरूर मिलना चाहिए, लेकिन इसके तरीके अधिक न्यायसंगत और समावेशी होने चाहिए. उदाहरण के तौर पर उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जा सकती है जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद संसाधनों या अवसरों की कमी के कारण अपने खेल में आगे नहीं बढ़ पाए. इससे न केवल उन्हें जीवन में स्थिरता मिलेगी, बल्कि यह व्यवस्था अधिक समान अवसर प्रदान करने वाली भी बनेगी. खेल और रोजगार के बीच संतुलन बनाना समय की मांग है. यदि नीतियां इस प्रकार बनाई जाएं कि वे सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखें, तो न केवल खेलों का विकास होगा बल्कि समाज में समानता और न्याय की भावना भी मजबूत होगी.

प्रमुख खिलाड़ियों को मिली सरकारी जिम्मेदारियां

  • Rinku Singh – क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (उत्तर प्रदेश)
  • प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स) – पुलिस उप अधीक्षक (DSP), उत्तर प्रदेश
  • राज कुमार पाल (हॉकी) – पुलिस उप अधीक्षक (DSP), उत्तर प्रदेश
  • अजीत सिंह और सिमरन (पैरा एथलेटिक्स) – जिला पंचायत राज अधिकारी, उत्तर प्रदेश
  • प्रीति पाल (पैरा एथलेटिक्स) – खंड विकास अधिकारी, उत्तर प्रदेश
  • Neeraj Chopra – सूबेदार, भारतीय सेना
  • MS Dhoni – मानद लेफ्टिनेंट कर्नल, भारतीय प्रादेशिक सेना
  • Sachin Tendulkar – ग्रुप कैप्टन (मानद), भारतीय वायु सेना
  • Yogeshwar Dutt – डीएसपी, हरियाणा पुलिस
  • Yuzvendra Chahal – इनकम टैक्स इंस्पेक्टर
  • KL Rahul – असिस्टेंट मैनेजर, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया
  • Umesh Yadav – असिस्टेंट मैनेजर, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *