रांची में विराट ने तोड़ा तेंदुलकर का रिकॉर्ड… इंटरनेशनल क्रिकेट में कोहली का नया कीर्तिमान

Virat Kohli Century : भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रचते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए वनडे मुकाबले में कोहली ने शानदार शतक जड़ते हुए क्रिकेट प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कोहली ने 102 गेंदों पर 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 38वें ओवर में मार्को जानसेन की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर अपने वनडे करियर का 52वां शतक पूरा किया।

सिंगल फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक

इस शतक के साथ ही कोहली ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक बनाए थे। कोहली के नाम अब वनडे में 52 शतक, टेस्ट में 30 शतक और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक. कुल मिलाकर उनके इंटरनेशनल करियर में अब 83 शतक दर्ज हो चुके हैं।

दुबई के बाद रांची में फिर गरजा कोहली का बल्ला

कोहली का पिछला शतक इस साल 23 फरवरी को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी मुकाबले में आया था, जहां उन्होंने नाबाद 100 रन बनाकर भारत को रोमांचक जीत दिलाई थी। इसके बाद अब रांची में उन्होंने एक बार फिर अपना क्लास साबित कर दिया। रांची में कोहली का शानदार रिकॉर्ड, रांची का यह मैदान कोहली के लिए बेहद खास रहा है। इस मैदान पर यह उनका तीसरा वनडे शतक है। उन्होंने यहाँ अब तक 5 वनडे पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इन पारियों में तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

रोहित शर्मा के साथ बनी बड़ी साझेदारी

इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 136 रन की शानदार साझेदारी हुई। रोहित ने 51 गेंदों पर 57 रन की तेज तर्रार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह कोहली-रोहित की जोड़ी की वनडे क्रिकेट में 20वीं बार 100+ रन की साझेदारी रही, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

कोहली-रोहित की जोड़ी ने तेंदुलकर-द्रविड़ को भी पीछे छोड़ा

इस मैच के साथ ही कोहली और रोहित की जोड़ी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। दोनों खिलाड़ियों का यह 392वां इंटरनेशनल मैच एक साथ था। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 391 इंटरनेशनल मैच एक साथ खेले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *