BCCI नमन अवॉर्ड्स में छाए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी…संजू सैमसन ने सुनाया मजेदार किस्सा

Vaibhav Suryavanshi : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित नमन अवॉर्ड्स समारोह में इस बार युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी खास चर्चा का विषय बने. कार्यक्रम के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने वैभव के IPL डेब्यू से जुड़ा एक दिलचस्प और मजेदार किस्सा साझा किया. सैमसन ने बताया कि डेब्यू मैच से पहले जब टीम मैनेजमेंट वैभव को मैदान पर भेजने की तैयारी कर रहा था, तब राहुल द्रविड़ ने उनसे उनके गेम प्लान के बारे में पूछा. इस पर वैभव ने बेफिक्री भरे अंदाज़ में जवाब दिया कि उनका कोई खास प्लान नहीं है, वे बस खेलने जाएंगे.

हालांकि जब द्रविड़ ने दोबारा पूछा तो वैभव ने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर पहली गेंद मिली तो उसे उड़ा देंगे. युवा बल्लेबाज ने मैदान पर भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया और अपने IPL डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. सैमसन ने उनके खेल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वह कोई अलग ही वीडियो गेम खेल रहे हों.

टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है लक्ष्य

इस IPL सीजन में अपने लक्ष्य के बारे में बात करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी कोशिश अपनी टीम के लिए ट्रॉफी जीतने की है. उनका मानना है कि टीम की सफलता से न केवल फ्रेंचाइजी को फायदा होगा, बल्कि उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी निखार आएगा. अवॉर्ड शो के दौरान जब उनसे पूछा गया कि IPL 2026 में वे कौन सा रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं, तो वैभव ने साफ कहा कि उनका सपना टी-20 क्रिकेट में 175 रन की ऐतिहासिक पारी के रिकॉर्ड को तोड़ने का है. यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है.

पसंदीदा फिल्म और निजी जीवन की झलक

कार्यक्रम में वैभव ने अपनी पसंदीदा फिल्म धुरंधर बताई. वहीं जब उनसे उनके पहले वीडियो गेम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि वे वीडियो गेम खेलते ही नहीं हैं. इस पर एंकर ने कहा कि उनका क्रिकेट ही वीडियो गेम जैसा है. अपनी पहली कार के बारे में पूछे जाने पर वैभव ने हंसते हुए कहा कि उन्होंने अभी तक कोई गाड़ी नहीं खरीदी है. युवा खिलाड़ी का आत्मविश्वास, बेखौफ अंदाज़ और बड़े सपने उन्हें आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का बड़ा सितारा बना सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *